Jul 26, 10:26 pm
पिथौरागढ़/ धारचूला/मुनस्यारी : जिले में वर्षा का कहर जारी है। भारी वर्षा के चलते पिथौरागढ़ के लोधियागैर में एक महिला की फिसलने से मौत हो गई। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में ऐलागाड़ के निकट विशाल चट्टानों के खिसक जाने से मार्ग बंद हो चुका है। मुनस्यारी तहसील का पांचवें दिन भी सम्पर्क भंग रहा। मुनस्यारी में खाद्यान्न , गैस और केरोसिन तेल का संकट पैदा हो गया है। सीमान्त क्षेत्र में आठ मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। धारचूला का तांकुल गांव खतरे में आ चुका है। खेत नाले के उफान में आने के कारण ग्रिफ का ट्रक फंस गया। काली, गोरी , मंदाकिनी, सेरा, रामगंगा , भुजगड़ नदियां ऊफान पर हैं। नदी किनारे स्थित गांवों में दहशत बनी हुई है।
पिथौरागढ़ तहसील के जाख क्षेत्र के लोधियाधार माधवी देवी पत्नी श्याम 45 वर्ष घास काटने के दौरान फिसलन होने के कारण गहरी खाई में गिर गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तहसीलदार सीएस बिष्ट ने बताया कि जिला मुख्यालय से राजस्व टीम गांव को रवाना हो चुकी है।
भारी वर्षा के चलते कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में ऐलागाड़ के निकट रांगुती नाले के पास विशाल चट्टानें खिसक कर सड़क पर आ गई। जिसके चलते मार्ग बंद हो गया। छोटा कैलास यात्रियों को ट्रांसमेनशिप के जरिए नारायणआश्रम पहुंचाया गया। वहीं तहसील के तांकुल गांव में भारी वर्षा से जीवन राम पुत्र नैन राम का मकान ध्वस्त हो गया। मकान के मलबे में दबने से जानवर घायल हो गए, जबकि परिवारजनों को मकान की हालत देखते हुए बुधवार की दोपहर ही पंचायत घर में शिफ्ट कर दिया गया था। भूस्खलन से पूरे तांकुल गांव को खतरा पैदा हो गया है। खेत नामक स्थान पर ऊफनाए खेत नाले में ग्रिफ का ट्रक फंस जाने से घंटों यातायात बंद रहा। तहसील के गोरीछाल क्षेत्र में पांच मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। मौसक के रौद्र रूप को देखते हुए ग्रामीण खुले आसमान के नीचे रात बिता रहे हैं।
मुनस्यारी को जोड़ने वाले थल -मुनस्यारी और जौलजीवी -मुनस्यारी मार्ग पांचवें दिन भी बंद रहे। एसडीएम एके शुक्ला ने गुरुवार को थल -मुनस्यारी मार्ग का निरीक्षण किया। हरड़िया नामक स्थान पर मार्ग को बेहद खतरनाक बताते हुए जिलाधिकारी से इस स्थान पर अविलंब पुल निर्माण की संस्तुति दी है। उन्होंने तहसील क्षेत्र में रसोई गैस और केरोसिन की किल्लत को देखते हुए जौलजीवी मार्ग से ट्रांसमेनशिप के जरिए आपूर्ति की मांग की है। तहसील क्षेत्र के मदकोट और तल्ला जोहार क्षेत्र में वर्षा से हुए नुकसान से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
आपदा नियंत्रण केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ के कटियानी में एक मुनस्यारी में एक मकान और आटा चक्की , गंगोलीहाट में एक और बेरीनाग में दो मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इधर जिलाधिकारी सीएमएस बिष्ट ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों टीमों के नहीं पहुंचने पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी है।
Jul 25, 10:23 pm
धारचूला : कैलास मानसरोवर परिक्रमा पूरी कर वापस लौट रहे छठे दल की एक महिला यात्री लकवे का शिकार हो चुकी है। जिसे स्ट्रेचर से आधार शिविर धारचूला पहुंचाया गया है।
छठे कैलास मानसरोवर यात्रा दल के यात्री बुधवार को गाला से आधार शिविर धारचूला लौट रहे थे। इसी दौरान एक महिला यात्री रजनी त्यागी 40 वर्ष की अचानक तबियत खराब होने लगी और उसके शरीर में लकवा पड़ गया। इसकी सूचना तत्काल आधार शिविर धारचूला को दी गई। लकवाग्रस्त महिला यात्री को आइटीबीपी के जवानों द्वारा स्ट्रेचर से आधार शिविर धारचूला पहुंचाया गया है। चिकित्सकों द्वारा महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया।
No comments:
Post a Comment