Friday, 20 July 2012


जागेश्वर धाम में चढ़ावे पर पंडा मुखर


जागेश्वर (अल्मोड़ा): सुप्रसिद्ध जागेश्वर धाम में माता की श्रृंगार सामग्री भगवान शिव को चढ़ाए जाने का मामला गरमाने लगा है। पुष्टि देवी मंदिर के प्रधान पुजारी एवं पंडा ने मंदिर समूह के ही एक अन्य पुजारी पर निहित स्वार्थो के लिए आस्था व धर्म से खिलवाड़ की तोहमत मढ़ी है। साथ ही कहा कि यह धर्म व शास्त्रों के विरुद्ध है।
पवित्र जटागंगा के तट पर बसे भगवान शिव के धाम जागेश्वर में 125 मंदिरों का विशाल समूह है। विशेष धार्मिक परंपरा एवं संस्कृति के कारण ही इसे विश्व में ख्याति प्राप्त है। मगर अबकी श्रावण मास में चढ़ावे का मामला तूल पकड़ रहा है। गुरुवार को पुष्टि देवी के प्रधान पुजारी एवं पंडा कमल भट्ट ने अन्य मंदिर के पंडे पर आरोप लगाया कि देवी पर चढं़ायी जाने वाली श्रृंगार सामग्री मसलन चूड़ी, चरेउ, साड़ी आदि को निजी स्वार्थो की पूर्ति के लिए भगवान शिव को समर्पित कर रहे हैं। जबकि शिवलिंग पर भगवान शिव को प्रिय सामग्रियां ही चढ़ाई जाती हैं। प्रधान पंडा ने इसे धर्म व शास्त्र विरुद्घ करार देते हुए श्रद्घालुओं की आस्था से खिलवाड़ बताया। उन्होंने लोगों से पथभ्रांती से बचने का आह्वान भी किया है। पुजारी भट्ट ने कहा कि यदि परंपरा बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो वह श्रद्धालुओं के साथ विधान सभा अध्यक्ष से मिल हस्तक्षेप की मांग उठाएंगे।

पेड़ पर दौड़ा करेंट, तीन झुलसे

दन्यां (अल्मोड़ा): महिला को करेंट से बचाने की कोशिश में एक ही परिवार के तीन लोग बुरी तरह झुलस गए। वह मवेशियों के लिए पेड़ पर पत्ते तोड़ने चढ़ी थी, लेकिन झूलते तारों से टहनियों में करेंट प्रवाहित हो गया। तीनों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मामला विकासखंड धौलादेवी के ग्राम पालड़ी गूंठ क्षेत्र का है। बताते हैं कि बुधवार की शाम नवीन चंद्र पांडे की 31 वर्षीय पत्‍‌नी गंगा देवी मवेशियों के लिए चारा लेने गई थी। वह घर के पास ही भिकुला के पेड़ पर पत्ते तोड़ने के लिए चढ़ गई। इसी दरमियान पेड़ को छूती हुई विद्युत लाइन गुजर रही थी। इससे टहनियों से टकराने पर पेड़ में करेंट प्रवाहित हो गया। चपेट में आई गंगा देवी बुरी तरह छटपटाने लगी।
उसे बचाने के लिए नवीन पेड़ पर चढ़ा तो वह भी चपेट में आ गया। यह देख ग्रामीण की मां बचुली देवी ने बेटे व बहू को बचाने का प्रयास किया तो वह भी पेड़ से चिपक गई। फिर तीनों झटके से नीचे गिर पड़े। उन्हें ग्रामीणों की मदद से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी में भर्ती कराया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ.बसंत बल्लभ जोशी के मुताबिक ग्रामीणों की हालत खतरे से बाहर है।
====इंसेट===
विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
पेड़ में करेंट प्रवाहित होने से ग्रामीण मुखर हो उठे हैं। ग्राम प्रधान मोहन सिंह सिंगवाल ने इसके लिए विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए जल्द झूलते तारों को ठीक कराने की मांग की है। साथ ही करेंट से झुलसे ग्रामीणों को मुआवजे की वकालत की है।
इंसेट-
टहनी राख होने तक चिपके रहे
दन्यां : पेड़ की टहनी से 11 हजार की हाई वोल्टेज लाइन छूने से करेंट दौड़ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब तक काट कर गिराई गई टहनी जलकर राख नहीं हुई तब तक दंपति व महिला पेड़ से चिपके रहे। इसके बाद ही करेंट का असर कम होने पर तीनों झटके से नीचे गिर पड़े।

No comments: